नयी दिल्ली , अप्रैल 07 -- कांग्रेस संचार विभाग प्रभारी जयराम रमेश ने मीडिया विभाग चेयरमेन पवन खेड़ा के घर मंगलवार दिल्ली पुलिस और असम पुलिस के पहुंचने पर असम सरकार पर जमकर हमला बोला।

श्री रमेश ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि एक जनहित के मुद्दे पर सवाल उठाने के लिए पुलिस की पूरी फौज लगाना इस बात का प्रमाण है कि असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा घबराए, परेशान और बौखलाए हुए हैं। उन्हाेंने इसे कानून की उचित प्रक्रिया नहीं, बल्कि राजनीतिक प्रतिशोध बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की मशीनरी का इस्तेमाल विपक्ष की आवाज को दबाने और डराने के लिए किया जा रहा है, क्योंकि विपक्ष सरकार के "काले कारनामों" को उजागर कर रहा है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि जो लोग डराने-धमकाने की राजनीति करते हैं, वही सबसे ज्यादा डरे हुए होते हैं और उनके पास छिपाने के लिए बहुत कुछ होता है।

श्री रमेश ने यह भी दावा किया कि यह पूरी कार्रवाई इस बात का संकेत है कि असम के मुख्यमंत्री को अपनी हार साफ दिखाई दे रही है, इसलिए वह इस तरह के कदम उठा रहे हैं।

गौरतलब है कि श्री खेड़ा के द्वारा असम में किए गए प्रेसवार्ता और असम मुख्यमंत्री सरमा और उनकी पत्नी पर लगाए गए आरोपों के बाद असम पुलिस की एक टीम आज उनके घर पहुँची साथ में दिल्ली पुलिस के जवान भी मौजूद रहे है।

जानकारी के अनुसार इस मामले में पुलिस श्री खेड़ा से पूछताछ करना चाहती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित