रायपुर , जून 29 -- कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने सोमवार को केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार, भाजपा और आरएसएस पर तीखा हमला बोलते हुए विदेश नीति, महंगाई, स्मार्ट मीटर, छात्रों के मुद्दों तथा राम मंदिर में कथित चोरी के मामले सहित कई विषयों पर सवाल उठाए।
राजधानी रायपुर में खेड़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, "प्रधानमंत्री मोदी को देश को बताना चाहिए कि वे आखिर किससे नहीं डरते हैं।" उन्होंने कहा, "हम मोदी से एक लिस्ट चाहते हैं कि आप किससे नहीं डरते। चीन, पाकिस्तान, नेपाल. आखिर किससे नहीं डरते, यह देश को बताइए, तभी आपसे उम्मीद करेंगे।" उन्होंने मोदी, सरकार और आरएसएस को "कायर" बताया।
राम मंदिर में कथित चोरी के मामले का उल्लेख करते हुए खेड़ा ने कहा, "अयोध्या की लूट तो झांकी है, मथुरा काशी लूटना बाकी है।"विदेश नीति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा जिस चीन को "लाल आंख दिखाने" की बात कहकर सत्ता में आई थी, आज उसी चीन का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चीन खुलकर पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) का समर्थन कर रहा है और केंद्र सरकार की विदेश नीति पूरी तरह विफल साबित हुई है।
खेड़ा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जानबूझकर ऐसे विवाद खड़े कर रही है, जिससे जनता का ध्यान मूल मुद्दों से हटाया जा सके। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर, रेत माफिया, महंगाई, बेरोजगारी और छात्रों की समस्याओं जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा नहीं हो रही है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने "छात्रों की गूंज" अभियान शुरू किया है, जिसके माध्यम से छात्रों और युवाओं की आवाज उठाई जाएगी।
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के बयान का उल्लेख करते हुए खेड़ा ने कहा कि ऐसे बयान समाज में तनाव पैदा करते हैं। उन्होंने सवाल किया कि यदि बुलडोजर कार्रवाई की बात होती है तो क्या वही कार्रवाई सभी पर समान रूप से लागू होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि धार्मिक भावनाओं का राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है और पूछा, "क्या मोहन भागवत, पीएम के घर पर बुलडोजर चलेगा?"कांग्रेस प्रवक्ता ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर भी केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि सरकार को आम जनता पर बढ़ रहे आर्थिक बोझ को कम करने के लिए कदम उठाने चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री के लगातार विदेश दौरों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इन यात्राओं से देश के हित में ठोस परिणाम दिखाई नहीं दे रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित