मुंबई, सितंबर 29 -- महाराष्ट्र में मुंबई के पवई में एक महिला वकील कल अपने आवास में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गईं। पुलिस ने बाद में इस मामले में उनके पति को गिरफ्तार कर लिया। मृतक की पहचान सावित्रीदेवी चंद्रभान (56) के रूप में हुई है। वह पवई स्थित रहेजा बिल्डिंग में अकेली रहती थीं।
रविवार दोपहर उन्हें अपने घर में बेहोशी की हालत में पाया गया, जिसके बाद स्थानीय निवासियों ने पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचित किया।
सावित्रीदेवी को तुरंत पास के एक अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया और पुष्टि की कि उनकी मौत का कारण दम घुटना था। पवई पुलिस ने किसी गड़बड़ी की आशंका जताते हुए मामले की गहन जाँच शुरू की।
पुलिस ने अपनी जाँच के दौरान ने पाया कि सावित्रीदेवी लगभग एक साल से अपने पति राजीव चंद्रभान से अलग रह रही थीं, हालाँकि वह लगातार उनके साथ सुलह करने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दो साल पहले एक निजी एयरलाइन से सेवानिवृत्त हुए राजीव चंद्रभान ने पूछताछ के दौरान शुरुआत में इस घटना में किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकारकिया। हालाँकि कड़ी पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर अपना अपराध कबूल कर लिया।
यह दम्पति पहले पवई के रहेजा विहार इलाके में साथ रहते थे, लेकिन राजीव की सेवानिवृत्ति के बाद अक्सर होने वाले विवादों के कारण वे अलग रहने लगे। राजीव मरोल चले गए जबकि सावित्रीदेवी पवई में ही रहीं।
जाँच से पता चला कि कल राजीव अपनी पत्नी को फिर से साथ रहने के लिए मनाने के लिए उसके घर गया था। जब सावित्रीदेवी ने सुलह के उसके प्रयासों को अस्वीकार कर दिया, तो उनके बीच बहस शुरू हो गई।
पुलिस का आरोप है कि गुस्से में आकर राजीव ने तकिये से उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी दम घुटने से मौत हो गई।
पवई पुलिस ने राजीव चंद्रभान के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है, जो अभी भी हिरासत में है और जाँच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित