बारां , जून 28 -- राजस्थान में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के तहत शनिवार को स्वास्थ्य भवन से जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
रैली को उप चिकित्साधिकारी (डीसीएमएचओ) डॉ. निशांत सैनी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में आशा सहयोगिनियों, एएनएम, नर्सिंग छात्र-छात्राओं एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक शिरकत की। प्रतिभागियों ने 'दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत रहे बरकरार' और 'बच्चे को पिलाओ दो बूंद, पोलियो से बचाओ जिंदगी' जैसे नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया।
डॉ. सैनी ने बताया कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि पोलियो की दवा पूरी तरह सुरक्षित है। बीमार, नवजात अथवा पहले से पोलियो की खुराक ले चुके बच्चों को भी अभियान के दौरान यह खुराक अवश्य पिलाई जानी चाहिए। बूथ दिवस के बाद स्वास्थ्य विभाग के दल घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को भी पोलियो की दवा पिलाएंगी।
रैली स्वास्थ्य भवन से प्रारंभ होकर श्रीराम स्टेडियम, प्रताप चौक, सब्जी मंडी, अस्पताल चौराहा एवं कोटा रोड सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर पुनः स्वास्थ्य भवन पहुंचकर संपन्न हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित