हनुमानगढ़ , अक्टूबर 17 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के पल्लू थाना क्षेत्र में शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग के दल ने बीकानेर से हनुमानगढ़ जा रही एक निजी बस की जांच के दौरान बड़ी मात्रा में दुर्गंधयुक्त मावा और खराब नमकीन बरामद किया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ नवनीत शर्मा ने शनिवार को बताया कि शाम को पल्लू क्षेत्र में कई बसों की जांच की गई। शाम करीब साढ़े दह बजे बीकानेर से आ रही एक निजी ट्रैवल्स की बस को रोककर उसकी जांच की गई तो उसमें 220 किलोग्राम मावा और 360 किलोग्राम से अधिक नमकीन बरामद हुआ।

मावा से तेज दुर्गंध आ रही थी, जबकि नमकीन में खराब और बासी तेल जैसी दुर्गंध महसूस हो रही थी। बस के चालक और परिचालक ने बताया कि मावा बीकानेर से लोड किया गया था, लेकिन उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि खाद्य सामग्री किसकी है और इसे कहां ले जाया जा रहा था। खाद्य सामग्री के मालिक की पहचान नहीं होने और उसकी गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा दल ने नमूना लेने के बाद सामग्री नष्ट करवा दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित