बालोद , मई 30 -- ) छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शनिवार को नवगठित नगर पंचायत पलारी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवारों को जीताने की अपील की और कहा कि यहां ट्रिपल इंजन की सरकार बनने से विकास कार्यों को रफ्तार मिलेगी।
श्री साव ने कार्यकर्ता सम्मेलन और बाइक रैली में लोगों से भाजपा अध्यक्ष प्रत्याशी लखनलाल गुरुपंच तथा सभी वार्डों के पार्षद प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील करते हुए आज कहा कि नगर के समग्र विकास के लिए पलारी में ट्रिपल इंजन की सरकार बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार ने पलारी को नगर पंचायत का दर्जा देकर विकास के नए द्वार खोले हैं। अब जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए स्थानीय निकाय में भी भाजपा की सरकार बनना जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार विकास को नई दिशा दे रही है और अब नगर में तीसरा इंजन जोड़कर विकास की रफ्तार को और तेज करने का समय आ गया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सुशासन और विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है तथा पलारी क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए छह करोड़ 94 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की जा चुकी है। इससे नगर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विभिन्न विकास कार्यों को गति मिलेगी।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरुपंच एक अनुभवी, ईमानदार और जनसेवा के प्रति समर्पित उम्मीदवार हैं तथा जनता विकास के लिए सही नेतृत्व का चयन करेगी। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके शासनकाल में विकास कार्य प्रभावित हुए, जबकि भाजपा सरकार लगातार जनहित में फैसले ले रही है।
इससे पहले श्री साव भाजपा कार्यकर्ताओं और युवा मोर्चा के सदस्यों के साथ नगर में आयोजित भव्य बाइक रैली में शामिल हुए। रैली को नागरिकों का व्यापक समर्थन मिला। उन्होंने कार्यकर्ताओं और मतदाताओं से अध्यक्ष पद सहित सभी 15 वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि पलारी के विकास की पूरी जिम्मेदारी साय सरकार निभाएगी।
इस अवसर पर मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, भाजपा प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, पर्यटन विकास निगम अध्यक्ष नीलू शर्मा, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष नेहरू निषाद, भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख सहित पार्टी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित