रांची , जून 01 -- झारखंड के पलामू जिले में जपला-छतरपुर मुख्य सड़क पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में दो बच्चों को भी चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जपला-छतरपुर मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के गम्हरिया गांव के समीप एक ऑटो में दो बच्चों समेत आठ लोग सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक बोरवेल ट्रक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार गोरयाथान निवासी 65 वर्षीय चन्द्रिका यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनका पैर कटकर अलग हो गया।

स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस दुर्घटना में समसुन बीबी (65 वर्ष), पीर मोहम्मद (35 वर्ष), समीरा खातून (30 वर्ष), लालदेव (36 वर्ष), सरिता देवी (54 वर्ष) समेत कई अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल समसुन बीबी और पीर मोहम्मद की हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल मेदिनीनगर रेफर कर दिया। हादसे में 10 वर्षीय अभिषेक कुमार सहित दो बच्चों को भी चोटें आई हैं।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोशित दिखे। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क किनारे मिट्टी को ऊंचा छोड़ दिया गया है, जिससे सड़क संकरी और असुरक्षित हो गई है। उनका कहना है कि इसी लापरवाही के कारण यह दुर्घटना हुई है। विरोध में ग्रामीणों ने मुख्य सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गए। थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि घायलों का इलाज कराया जा रहा है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस सड़क जाम हटाकर यातायात को सामान्य कराने के प्रयास में जुटी रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित