रांची , सितंबर 23 -- झारखंड के पलामू जिले में हुए करम डाल विसर्जन के दौरान हादसे पर राजपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने घटना को दुखद और पीड़ादायक बताया है।

राज्यपाल श्री गंगवार ने कहा कि पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोयल नदी में करम डाल विसर्जन के दौरान लोगों के डूबने की घटना अत्यंत दुखद व पीड़ादायक है।शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। ईश्वर उन्हें यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने पलामू में करम डाली विसर्जन के दौरान हुए हादसे में कुछ लोगों के नदी में डूबने का समाचार अत्यंत दुखद और पीड़ादायक बताया। उन्होंने कहा कि इस पीड़ादायक घटना में जान गंवाने वाले सभी मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।

मरांग बुरु से दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति तथा शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं।

श्री मरांडी ने पलामू के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बोकया में करमा पूजा के विसर्जन के दौरान 5 बच्चों के डूबने की सूचना से मन अत्यंत व्यथित करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि यह हृदयविदारक घटना बेहद दुखद है। ईश्वर दिवंगत बच्चों की आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति दें।

जिला प्रशासन प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करे तथा विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा एवं बचाव के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित