रांची , जनवरी 30 -- झारखंड के पलामू जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
पुलिस ने 150 कार्टन अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप के साथ दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त की गई शराब की मात्रा लगभग 1342 लीटर बताई जा रही है। इसके अलावा एक मोबाइल फोन और एक पीकअप वैन भी पुलिस ने जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरोज प्रजापति (32) और सुरेन्द्र महतो (41) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी रांची जिले के निवासी हैं। सरोज प्रजापति रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत बारीडीह का रहने वाला है, जबकि सुरेन्द्र महतो चान्हो थाना क्षेत्र के पंडरी पचम्बा गांव का निवासी है।
यह कार्रवाई पलामू की पुलिस अधीक्षक (एसपी) रिष्मा रमेशन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। एसपी को सूचना मिली थी कि झारखंड से बिहार के औरंगाबाद जिले में अवैध शराब की एक बड़ी खेप पीकअप वैन के माध्यम से भेजी जा रही है। सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी के निर्देश पर इलाके में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान एक संदिग्ध पीकअप वैन को रोका गया। वाहन सवारों ने पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से वैन में पानी लदे होने की बात कही और इनवॉयस बिल भी प्रस्तुत किया। हालांकि, पुलिस को संदेह हुआ और जब वाहन की गहन तलाशी ली गई तो उसमें छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे रांची से शराब लाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस ने मौके से दोनों को गिरफ्तार कर लिया और शराब समेत पीकअप वैन को जब्त कर लिया।
फिलहाल पुलिस इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच में जुटी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित