मेदीनीनगर , जनवरी 24 -- झारखंड के पलामू जिले में हिण्डालको कंपनी के कोल माइन्स क्षेत्र से लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर पड़वा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को आज रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
अभियुक्त के पास से तथा उसके घर से भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया गया है।
शुक्रवार को वादी सुजीत कुमार सिंह, पिता स्व० अकलेश सिंह, निवासी कजरी, थाना पड़वा, जिला पलामू (वर्तमान में हिण्डालको कंपनी में कार्यरत) द्वारा लिखित आवेदन दिया गया था। आवेदन में उल्लेख किया गया कि हिण्डालको कोल माइन्स एरिया से लोहे के पाइप, एंगल, चैनल, प्लास्टिक पाइप, कवर वाला तार, फ्लेंजा एवं नट-बोल्ट समेत अन्य सामानों की चोरी कर ली गई है।
आवेदन के आधार पर पड़वा थाना कांड संख्या-08/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। अनुसंधान के क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर छापामारी की गई। इस दौरान प्राथमिक अभियुक्त मेदिनी सिंह उर्फ मेदिनी कुमार सिंह को चोरी के सामान के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने अभियुक्त के घर के कमरे, बाथरूम और आंगन की तलाशी ली, जहां से बड़ी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह बंद पड़ी माइन्स से लोहे एवं अन्य सामग्री चोरी कर अपने घर में छुपा देता था तथा बाद में उसे बेचकर अवैध रूप से धन अर्जित करता था।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मेदिनी सिंह उर्फ मेदिनी कुमार सिंह (उम्र 29 वर्ष), पिता राजमुनी सिंह, निवासी ग्राम कठौतिया, टोला गड़ई, थाना पड़वा, जिला पलामू के रूप में हुई है।
बरामद सामानों में 3 इंच के लोहे के पाइप, 6 इंच एमएस पाइप, विभिन्न साइज के एडीपी पाइप, कॉपर केबल वायर, पीवीसी बिजली तार, लोहे के एंगल, एंगल पाइप तथा एक हेक्सा ब्लेड शामिल हैं।
इस कार्रवाई में पु०अ०नि० चिन्टू कुमार, स०अ०नि० अनुज कुमार तिवारी, स०अ०नि० राजेश कुमार शर्मा एवं सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है तथा यह भी जांच की जा रही है कि इस चोरी में कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह शामिल तो नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित