मेदीनीनगर , फरवरी 14 -- झारखंड में पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के हलुमाड़ गांव में मैट्रिक के एक छात्र का फंदे पर लटका शव बरामद किया गया। किशोर ने शुक्रवार को मैट्रिक के अंग्रेजी विषय की परीक्षा दी थी। घर आकर खाना खाकर सो गया था। शनिवार सुबह उसे फंदे पर लटका देखा गया।

घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। घटना के समय घर पर अभय और उसकी छोटी बहन थे। माता-पिता दो बच्चों को लेकर मजदूरी करने के लिए कई महीने से बाहर हैं। युवक की पहचान 16 वर्षीय अभय कुमार पिता संजय सिंह के रूप में हुई है।

थाना प्रभारी विश्वनाथ कुमार राणा ने जानकारी दी कि संभावना है कि मैट्रिक परीक्षा को लेकर तनाव की स्थिति थी। इसी कारण उसने सुसाइड किया। मामले की जांच की जा रही है। उसके माता-पिता मजदूरी करने के लिए हैदराबाद गए हुए हैं। घटना की जानकारी उन्हें दे दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित