मेदिनीनगर , फरवरी 12 -- झारखंड के पलामू जिले में पोटाश की आड़ में पंजाब से लाई गई 80 लाख की शराब बरामद की गयी।
शराब की बोलतें 800 पेटियों में भरी हुई थी। इस सिलसिले में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। एक पेटी की कीमत 10 हजार रूपए आंकी गयी है। इस प्रकार बरामद शराब की बाजार कीमत 80 लाख रूपए बतायी गयी। सारी शराब पलामू जिले में ही खपाने की तैयारी थी। निकाय चुनाव में इस्तेमाल करने की तैयारी थी।
शहर थाना क्षेत्र के सद्वीक चौक के पास बुधवार-गुरूवार रात 2 बजे पुलिस ने एक ट्रक (बीआर 11 जीसी 3084) को रोका एवं तलाशी ली तो लाखों रुपये की अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। यह कार्रवाई बिहार सीआईडी से प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर की गई। सूचना मिली थी कि पंजाब से एक ट्रक में अवैध शराब लादकर लायी जा रही है।
शराब की खेप को छिपाने के लिए ट्रक में ऊपर और नीचे खेती में उपयोग होने वाले पोटाश लोड किया गया था, जबकि बीच में शराब की पेटियां रखी गई थीं, ताकि पुलिस की नजर से बचा जा सके।
पुलिस ने मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो ट्रक चालक और एक सह चालक शामिल हैं। प्रारंभिक पूछताछ में जानकारी मिली है कि गिरफ्तार व्यक्तियों में दो बिहार तथा एक हरियाणा के निवासी हैं। आशंका जताई जा रही है कि शराब की इस खेप को नगर निगम क्षेत्र में खपाने की योजना थी।
पुलिस द्वारा जब्त शराब की कुल कीमत करोड़ों में आंकी जा रही है। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है तथा इस अवैध तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ज्योति लाल रजवार ने इसकी पुष्टि की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित