रांची , फरवरी 26 -- झारखंड के पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र के बसदह गांव में एक पक्के मकान पर छापेमारी कर पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की है, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 45 लाख रुपये आंकी गई है। होली के त्यौहार के मद्देनजर अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाए जा रहे।

उपायुक्त के निर्देश पर और उत्पाद अधीक्षक सुजीत कुमार के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में 4233.36 लीटर शराब जब्त की गई। यह शराब माफिया 'संतान भुइयां' के मकान में छिपाई गई थी।

जांच में एक चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि जब्त बोतलों पर उत्तराखंड के लेबल लगे हुए थे। विभाग अब इस बिंदु पर जांच कर रहा है कि क्या यह शराब वाकई उत्तराखंड से तस्करी कर लाई गई थी या फिर झारखंड में ही अवैध रूप से पैक कर फर्जी लेबल लगाए गए थे।

पुलिस ने मौके से रामाशीष भुइयां को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। हालांकि, मुख्य सरगना और मकान मालिक संतान भुइयां फिलहाल फरार है। पुलिस ने संतान भुइयां, रामाशीष भुइयां, पंडुल सिंह, दादा सिंह और उमा सिंह समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित