पलामू, 14अक्टूबर (वार्ता) झारखंड के पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र के डंडार गांव में जमीन विवाद में मंगलवार सुबह झारखंड मुक्ति मोर्चा के पांकी प्रखंड अध्यक्ष मुन्ना सिन्हा की हत्या कर दी गयी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मुन्ना पर टांगी से हमला किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। मुन्ना पिछले सात साल से झामुमो में थे एवं दूसरी बार प्रखंड अध्यक्ष बने थे।
घटना की जानकारी मिलने पर झामुमो के पलामू जिला अध्यक्ष राजेन्द्र सिन्हा पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ एमएमसीएच पहुंचे एवं मुन्ना की मां चिंतामणि देवी से मिलकर घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया एवं जिला प्रशासन से आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कठोर सजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि जमीन विवाद में हत्या कही से ही बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित