रांची , मई 13 -- झारखंड के पलामू जिल के छतरपुर थाना क्षेत्र के मदनपुर गांव में एक अज्ञात वाहन और मोटरसाइकिल की भीषण टक्कर में दो युवकों की जान चली गई।

मृतकों की पहचान 22 वर्षीय किशन कुमार, पिता मनोहर बैगा, निवासी सुआ कौड़िया गांव (सदर थाना क्षेत्र) और 29 वर्षीय अनुज कुमार, पिता रमेश परहिया, निवासी बौलिया गांव (डंडई थाना क्षेत्र, गढ़वा) के रुप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, दोनों युवक मंगलवार की शाम को गढ़वा जिले के डंडई थाना क्षेत्र से एक रिश्तेदार की बारात में शामिल होने के लिए छतरपुर के लठेया गांव गए थे। बुधवार की सुबह जब वे वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी मदनपुर गांव के समीप एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद छतरपुर थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायल युवकों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल पुलिस चौकी के अधिकारी और जवान (महेंद्र कुमार एवं विकास कुमार) ने परिजनों से मिलकर घटना की जानकारी ली और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस आकस्मिक घटना के बाद से मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित