टिहरी , जुलाई 10 -- उत्तराखंड में टिहरी गढवाल पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में चलाए जा रहे 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 8.95 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस का दावा है कि आरोपी पर्वतीय क्षेत्रों में युवाओं को नशे की लत लगाने के उद्देश्य से स्मैक की आपूर्ति कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, टिहरी गढवाल जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर के पर्यवेक्षण में कोतवाली कीर्तिनगर पुलिस मलेथा बैरियर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली गई, जिनके कब्जे से कुल 8.95 ग्राम स्मैक बरामद हुई। दोनों आरोपी बरामद मादक पदार्थ के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिसके बाद उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित डोभाल (30) निवासी कीर्तिनगर और रुद्र राणा (23) निवासी रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है। अंकित के पास से 5.17 ग्राम तथा रुद्र के पास से 3.78 ग्राम स्मैक बरामद की गई।
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि दोनों आरोपी पर्वतीय क्षेत्रों में स्मैक की सप्लाई कर युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने का प्रयास कर रहे थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित