जयपुर , जून 04 -- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का दायित्व बताया है और कहा है कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन से उत्पन्न चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जीवनशैली में पर्यावरण-अनुकूल व्यवहार अपनाना होगा।
श्री देवनानी ने गुरुवार को विश्व पर्यावरण दिवस (पांच जून) के अवसर पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस मनाने का विषय नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सतत् संकल्प और सामूहिक प्रयास का विषय है।
उन्होंने नागरिकों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने, जल संरक्षण को बढ़ावा देने, प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने तथा स्वच्छता और हरित विकास के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का भाव ही पर्यावरण संरक्षण की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को नयी गति मिलेगी। राजस्थान हरित एवं स्वच्छ प्रदेश के रूप में नयी पहचान स्थापित करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित