इटावा , जून 24 -- चंबल क्षेत्र से जुड़े उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों ने पैदल मार्च किया।

पर्यावरण छात्र संसद की पहल पर आयोजित इस अभियान के तहत अधिकारियों ने अपने आवास से कार्यालय तक पैदल जाकर पर्यावरण संरक्षण तथा ईंधन बचत का संदेश दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस विभाग के अधिकारी सुबह करीब 10 बजे उनके आवास से कचहरी स्थित कार्यालय तक पैदल पहुंचे। इस दौरान अधिकारियों ने आमजन से प्रदूषण कम करने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

पर्यावरण छात्र संसद के संयोजक डॉ. कैलाश यादव, संजय सक्सेना और मानवेन्द्र शर्मा के समन्वय में आयोजित इस कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अभयनाथ त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीश चंद्र, क्षेत्राधिकारी नगर अवनीश सिंह, क्षेत्राधिकारी सुधीर कुमार, क्षेत्राधिकारी जसवंतनगर आयुषी सिंह, सह जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. मुकेश यादव, जल संरक्षक निर्मल सिंह, फिल्म निर्माता-निर्देशक रविंद्र चौहान, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य ध्रुव कुमार गुप्ता, डीपीओ नमामि गंगे संजीव चौहान तथा शिक्षक नेता पंकज चौहान सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए।

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन का खतरा लगातार बढ़ रहा है और इससे निपटने के लिए सभी को अपने स्तर पर प्रयास करने होंगे। उन्होंने लोगों से सप्ताह में कम से कम एक दिन वाहन का उपयोग छोड़कर पैदल कार्यालय जाने की अपील की, जिससे प्रदूषण कम होगा और स्वास्थ्य को भी लाभ मिलेगा।

पर्यावरण छात्र संसद के संयोजक एवं पानकुवर इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक डॉ. कैलाश यादव ने बताया कि वर्ष 2015 में छात्र संसद में पारित प्रस्ताव के आधार पर यह अभियान शुरू किया गया था। तब से प्रत्येक माह अधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से पैदल मार्च आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि छात्र संसद में पारित पर्यावरण संरक्षण संबंधी प्रस्तावों को धरातल पर उतारने के लिए लगातार विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।

पैदल मार्च शुरू होने से पहले पर्यावरण छात्र संसद के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधिकारियों का स्वागत किया। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण और ऊर्जा बचत के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित