देहरादून , जुलाई 25 -- उत्तराखंड में आंदोलनरत पर्यावरण मित्रों की विभिन्न मांग पूरी कराने के लिए शनिवार को सरकार के सफाई कर्मचारी आयोग उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना और महापौर (मेयर) नगर निगम देहरादून सौरभ थपलियाल शहरी विकास मंत्री रामसिंह कैड़ा से मिलने उनके सरकारी आवास पहुंचे। मंत्री ने उन्हें मुख्यमंत्री से शीघ्र वार्ता कर उचित समाधान का भरोसा दिया है।
श्री मकवाना ने श्री कैड़ा को एक माँगपत्र सौंपा। जिसमें पर्यावरण मित्रों का मानदेय 500 से बढ़कर 800 रुपए प्रतिदिन करने, वर्षों से कार्यरत मोहल्ला स्वच्छता समिति, रात्रि कालीन नाला गैंग एवं आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों का नियमितीकरण, सफाई कर्मचारियों का आबादी एवं हेल्थ मैनुअल के अनुसार नया ढांचा स्वीकृत कर सफाई कर्मचारियों की स्थाई भर्ती किए जाने, सफाई कर्मियों को भूमि अथवा आवास उपलब्ध कराने के साथ सफाई कर्मियों को नमस्ते योजना का लाभ देने तथा सीवर और सेप्टिक टैंक में कार्य करने वाले सफाई कर्मियों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने तथा मैन्युअल स्कैवेंजर एक्ट 2013 के अंतर्गत सीवर और सेफ्टी टैंक के कार्य मशीनों से कराने जैसी मांग शामिल हैं।
सफाई कर्मचारी आयोग उपाध्यक्ष ने सफाई कार्यालय में ठेकेदारी प्रथा समाप्त करने, आयोग के कर्मचारियों के पद सृजित कर स्थाई ढांचा बनाने और सफाई कर्मचारी आयोग में सचिव पद पर नियुक्ति शीघ्र करने जैसी प्रमुख माँग की। उन्होंने कहा कि यह कर्मचारियों की जायज़ माँगे हैं और इस सम्बन्ध में वह मुख्यमंत्री, सचिव शहरी विकास एवं निदेशक शहरी विकास से भी वार्ता कर चुके हैं।
मेयर थपलियाल ने भी स्वच्छता कर्मचारियों की माँगों पर सहमति जताते हुए शीघ्र निराकरण की माँग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित