रायपुर , जून 17 -- छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने राज्य में अवैध रूप से स्क्रैप एवं प्रयुक्त बैटरियों के संग्रहण, भंडारण, परिवहन, पुनर्चक्रण और व्यापार में संलिप्त व्यक्तियों एवं संस्थाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

मंडल ने स्पष्ट किया है कि बिना पंजीयन और वैध दस्तावेजों के बैटरी अपशिष्ट से संबंधित गतिविधियां पर्यावरणीय कानूनों का उल्लंघन हैं और ऐसे मामलों में दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

मंडल द्वारा बुधवार को जारी बयान में कहा गया कि राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में बिना आवश्यक पंजीयन, प्राधिकार और वैध दस्तावेजों के प्रयुक्त एवं स्क्रैप बैटरियों का संग्रहण, भंडारण, परिवहन तथा क्रय-विक्रय किए जाने की जानकारी सामने आई है। ऐसी गतिविधियां पर्यावरण और जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न करती हैं।

बयान में कहा गया है कि बैटरी अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2022 के तहत प्रयुक्त एवं अपशिष्ट बैटरियों का संग्रहण, भंडारण, परिवहन तथा व्यापार केवल विधिवत पंजीकृत और अधिकृत संस्थाओं द्वारा ही किया जा सकता है। परिवहन के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन और आवश्यक दस्तावेजों का संधारण अनिवार्य है। इसके साथ ही खरीद-बिक्री संबंधी अभिलेख और अन्य आवश्यक रिकॉर्ड सुरक्षित रखना भी जरूरी है।

मंडल ने कहा कि खुले स्थानों पर अपशिष्ट बैटरियों का भंडारण, अनधिकृत संग्रहण, पर्यावरणीय मानकों के विपरीत संचालन अथवा अवैध व्यापार दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है। ऐसे मामलों में पर्यावरण (संरक्षण) अधिनियम, 1986, बैटरी अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2022 तथा अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मंडल के अनुसार राज्यभर में विशेष निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों, फर्मों और संस्थानों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर अभियोजन दर्ज कर न्यायालयीन कार्रवाई भी की जा सकती है।

पर्यावरण संरक्षण मंडल ने संबंधित हितधारकों से अपने संचालन को तत्काल प्रभाव से नियमों के अनुरूप सुनिश्चित करने तथा आवश्यक पंजीयन एवं अनुमतियां प्राप्त करने की अपील की है। साथ ही नागरिकों से भी अवैध स्क्रैप अथवा अपशिष्ट बैटरी कारोबार की जानकारी निकटतम क्षेत्रीय कार्यालय या मंडल को देने का आग्रह किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित