इंदौर , अक्टूबर 13 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में आधुनिक सुविधाओं वाले होटल और बड़ी परियोजनाओं में निवेश से पर्यटन को बढ़ावा मिल रहा है। इससे आर्थिक गतिविधियों का विस्तार होने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।

डॉ. यादव ने इंदौर में एक निजी होटल का शुभारंभ करते हुए कहा कि वर्ष 2028 में उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ को देखते हुए इंदौर का महत्व और बढ़ेगा। उज्जैन के निकट होने के कारण इंदौर में पर्यटकों, श्रद्धालुओं और व्यापारिक गतिविधियों से जुड़े लोगों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त होटल कॉर्पोरेट बैठकों, व्यापारिक आयोजनों और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करेगा। इससे इंदौर की आतिथ्य सुविधाएं मजबूत होंगी और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। उन्होंने नवरात्रि के अवसर पर नई सुविधा शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए संबंधित पक्षों को बधाई दी। इस अवसर पर सांसद शंकर लालवानी, विधायक रमेश मेंदोला, मधु वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित