फिरोजाबाद , मार्च 15 -- उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने रविवार को फिरोजाबाद सदर क्षेत्र में लगभग सात करोड़ रुपये की पर्यटन विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
ऐतिहासिक गोपाल आश्रम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने जनपद के सांस्कृतिक स्थलों के विकास के लिए 697.17 लाख रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में गोपाल आश्रम का पर्यटन विकास एवं सौंदर्यीकरण, श्री चिंतामणि मंदिर का पर्यटन विकास तथा छदामी लाल जैन मंदिर और पसीने वाले हनुमान जी मंदिर के विकास कार्य शामिल हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि फिरोजाबाद केवल सुहाग नगरी ही नहीं, बल्कि आस्था और अध्यात्म की महत्वपूर्ण धरोहर भी है। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में सरकार का लक्ष्य है कि जिले के सभी पौराणिक और ऐतिहासिक स्थलों को पर्यटन के मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाया जाए।
उन्होंने कहा कि गोपाल आश्रम और चिंतामणि मंदिर के सौंदर्यीकरण से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और पर्यटकों की संख्या बढ़ने से स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। मंत्री ने बताया कि छदामी लाल जैन मंदिर और पसीने वाले हनुमान जी मंदिर के विकास कार्य भी इसी श्रृंखला का हिस्सा हैं और यहां बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
श्री सिंह ने कहा कि जनपद में लगाए जा रहे दिशा संकेतक पट्टों से पर्यटकों को ऐतिहासिक स्थलों तक पहुंचने में सुविधा होगी।
इस अवसर पर फिरोजाबाद सदर के विधायक मनीष असीजा ने पर्यटन और सांस्कृतिक विकास के कार्यों की सराहना की। वहीं प्रेमपाल धनगर ने कहा कि इन परियोजनाओं से नगर निगम क्षेत्र और ग्रामीण इलाकों में पर्यटन को बढ़ावा मिले।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित