रायपुर , सितंबर 28 -- छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले को पर्यटन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रयासों के लिए छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड ने 'सर्वश्रेष्ठ जिला प्रमोशन अवॉर्ड' से सम्मानित किया है। इस अवसर पर जिले की पुरातात्विक एवं सांस्कृतिक धरोहर धनपुर पर आधारित कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया गया।

विभाग से सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार राजधानी रायपुर में विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर रविवार को छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड और छत्तीसगढ़ ट्रैवल ट्रेड एसोसिएशन (सीजीटीटीए) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 'सेंट्रल इंडिया कनेक्ट मार्केटप्लेस' में जीपीएम जिले को यह सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा, पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन, पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे, जीपीएम कलेक्टर विजय दयाराम के. और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे ने धनपुर पर केंद्रित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया।

कॉफी टेबल बुक में धनपुर के ऐतिहासिक महत्व, पुरातात्विक धरोहर, सांस्कृतिक विशेषताओं और पर्यटन संभावनाओं को समाहित किया गया है। इसके माध्यम से धनपुर को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन मानचित्र पर पहचान दिलाने के साथ जिले के अन्य पर्यटन स्थलों के प्रति पर्यटकों का आकर्षण बढ़ाने का प्रयास किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित