उमरिया , अक्टूबर 01 -- मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व तीन माह के मानसून ब्रेक के बाद गुरुवार से पर्यटकों के लिए खुल रहा है। नए पर्यटन सत्र को लेकर पार्क प्रबंधन ने सफारी व्यवस्था, गाइड प्रशिक्षण, वाहनों की जांच और प्रवेश द्वारों सहित सेंटर प्वाइंटों की साफ-सफाई की तैयारियां की हैं। कोर क्षेत्र में पर्यटन सत्र 01 अक्टूबर से 30 जून तक संचालित होगा, जबकि बफर जोन वर्षभर खुला रहेगा।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक डॉ. अनुपम सहाय ने बताया कि नए सत्र से पहले पार्क प्रबंधन ने सफारी व्यवस्था को व्यवस्थित करने के साथ पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया है। इस बार पर्यटकों को केवल बाघ दर्शन तक सीमित न रखकर जंगल, वन्यजीव, पक्षियों, इतिहास और पर्यावरण की जानकारी उपलब्ध कराने पर ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सफारी वाहनों के मानकों पर सख्ती की गई है। सभी पर्यटक जिप्सियों की जांच और पंजीयन किया जा रहा है। वाहनों के दस्तावेज, तकनीकी स्थिति और निर्धारित मानकों के अनुरूप पंजीयन सुनिश्चित किया जा रहा है।
डॉ. सहाय ने बताया कि लगभग 195 गाइडों को प्रशिक्षण दिया गया है। जंगल की पाठशाला के तहत उन्हें वन्यजीवों के पदचिह्न, उनकी गतिविधियों, पक्षियों की पहचान, जंगल की वनस्पतियों और बांधवगढ़ के इतिहास की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा 105 गाइडों को अंग्रेजी भाषा और बेहतर संवाद कौशल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को जंगल की जानकारी सरल और रोचक तरीके से उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने बताया कि सभी कोर जोन के सेंटर प्वाइंटों और प्रवेश द्वारों की साफ-सफाई कराई जा रही है। प्रवेश द्वारों की साफ-सफाई के साथ वॉशरूम की सुविधाओं को भी बेहतर बनाया जा रहा है।
क्षेत्र संचालक ने बताया कि नए पर्यटन सत्र में तैयारियों के तीन प्रमुख पहलू सफारी वाहनों के मानकों पर सख्ती, गाइडों का विशेषज्ञ प्रशिक्षण और पर्यटक अनुभव को बाघ दर्शन से आगे ले जाना हैं। गाइडों को जंगल की जैव विविधता, पक्षियों और ऐतिहासिक विरासत के बारे में भी प्रशिक्षित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पर्यटन वर्ष 2025-26 में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में कुल 42,329 वाहनों से 2,12,486 पर्यटक पहुंचे, जिनमें 1,80,873 भारतीय और 31,613 विदेशी पर्यटक शामिल थे। इस अवधि में पार्क को 19,50,47,789 रुपये की आय हुई।
वर्ष 2021-22 में 1,76,051 पर्यटकों से 12,06,60,748 रुपये, वर्ष 2022-23 में 1,85,825 पर्यटकों से 13,89,74,913 रुपये, वर्ष 2023-24 में 1,78,926 पर्यटकों से 14,15,70,318 रुपये और वर्ष 2024-25 में 1,96,889 पर्यटकों से 16,38,78,420 रुपये की आय प्राप्त हुई।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी के साथ प्राकृतिक विविधता, ऐतिहासिक विरासत, स्थानीय संस्कृति और जंगल के बीच ठहरने की सुविधाएं पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। प्राचीन गुफाएं, मंदिरों के अवशेष और शेषशय्या जैसे स्थल भी पर्यटकों के अनुभव को व्यापक बनाते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित