होसुर (तमिलनाडु) , अप्रैल 19 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार सीटों के परिसीमन के जरिए तरक्की कर रहे राज्यों की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है और ऐसा कदम संविधान और संघीय ढांचे पर सीधा हमला है।

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान रविवार को यहां एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए श्री खरगे ने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ सत्ता की नहीं, बल्कि देश की विविधता और लोकतंत्र को बचाने की है। उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन की नेतृत्व क्षमता की जमकर सराहना की और तमिलनाडु को सामाजिक न्याय, समानता और संघीय ढांचे का मार्गदर्शक राज्य बताया।

श्री खरगे ने हाल ही में संसद में परिसीमन से जुड़े प्रयासों को रोकने को विपक्ष की एक बड़ी जीत करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक जैसे प्रगतिशील राज्यों की लोकसभा में हिस्सेदारी कम करने की साजिश रच रही थी, लेकिन कांग्रेस द्रमुक गठबंधन ने एकजुट होकर इसे विफल कर दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा इन राज्यों को उनकी तरक्की की सजा देना चाहती है, जिसे कांग्रेस कभी स्वीकार नहीं करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित