नयी दिल्ली , अक्टूबर 20 -- कांग्रेस ने केंद्र सरकार से पूछा है कि यदि वह परिसीमन पर फिर से संविधान संशोधन विधेयक लाने की तैयारी कर रही है तो उसे अपना नया प्रस्ताव सार्वजनिक कर इस पर सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए।
कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष तथा राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने 16 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को परिसीमन के मुद्दे पर पत्र लिखा था जिसका जवाब संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोमवार को दिया।
श्री रमेश ने कहा कि श्री रिजिजू ने अपने जवाब में मार्च 2026 में गृह मंत्री अमित शाह द्वारा कुछ राजनीतिक दलों के साथ परिसीमन पर की गई चुनिंदा चर्चाओं का उल्लेख किया लेकिन उन चर्चाओं में दिए गए आश्वासनों का जिक्र नहीं किया, जो 16 अप्रैल को संसद में पेश संविधान संशोधन विधेयक में शामिल नहीं थे। सरकार का यह विधेयक 17 अप्रैल को लोकसभा में पराजित हो गया था।
उन्होंने कहा कि श्री रिजिजू के अनुसार, सरकार ने विधेयक पारित कराने के लिए जिन राजनीतिक दलों से चर्चा की थी, उनमें से अधिकांश ने भी विधेयक के खिलाफ मतदान किया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित