लखनऊ , सितंबर 09 -- उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों की मेहनत, मेधा और बहुआयामी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए योगी सरकार व्यापक स्तर पर पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित करेगी।
अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना एवं बजट के तहत प्रदेश के 1,31,918 परिषदीय विद्यालयों में वार्षिकोत्सव आयोजित कर विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा। ये कार्यक्रम 15 फरवरी से 15 मार्च 2027 के बीच होंगे।
वार्षिकोत्सव में पढ़ाई के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सार्वजनिक मंच पर पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रत्येक कक्षा से पिछली परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एक छात्र और एक छात्रा तथा सर्वाधिक उपस्थिति वाले एक छात्र और एक छात्रा को सम्मानित किया जाएगा। खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कार मिलेगा।
सरकार ने बच्चों के साथ उनके अभिभावकों और विद्यालय प्रबंध समिति के सहयोगी सदस्यों को भी सम्मान देने का निर्णय लिया है। सर्वाधिक अंक पाने वाले अथवा सबसे अधिक दिन विद्यालय आने वाले बच्चों के अभिभावकों को शॉल, स्मृति चिह्न और पौधे दिए जा सकते हैं। विद्यालय की गतिविधियों में सहयोग करने वाले प्रबंध समिति सदस्यों को भी सम्मानित किया जाएगा।
पुरस्कार के तौर पर बच्चों को लंच बॉक्स, पानी की बोतल, ड्राइंग नोटबुक, कंपास, रंग, स्टेशनरी, ज्यामितीय बॉक्स, पेंसिल, रबर, कटर, स्केल, पेन तथा कहानी और महापुरुषों के जीवन पर आधारित पुस्तकें दी जा सकेंगी।
कार्यक्रम में शामिल सभी बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए टॉफी, चॉकलेट और रचनात्मक सामग्री भी वितरित की जा सकती है। समारोह में ग्राम पंचायत के निर्वाचित प्रतिनिधि, अभिभावक और विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य आमंत्रित होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित