भरतपुर , जुलाई 01 -- राजस्थान में डीग जिले के पाई गांव में शुक्रवार देर रात अज्ञात चोर एक परिवार के सदस्यों को नशीला पदार्थ सुंघाकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करके फरार हो गये।
पीड़ित परिवार को शनिवार सुबह बेहोशी टूटने के बाद घर मे चोरी की वारदात का पता चला। पीड़ित ध्रुवसिंह गुर्जर ने पुलिस का बताया कि चोर करीब 70 ग्राम सोने की सात मोहरें, 35 ग्राम का सोने का हार, करीब 15 ग्राम की पांच अंगूठियां, 40 ग्राम की चार जोड़ी झुमर, पांच ग्राम का मंगलसूत्र, 10 ग्राम की सोने की कंठी, करीब सवा किलो चांदी की 16 जोड़ी तोड़ियां, 70 ग्राम के सात चांदी के सिक्के और 15 हजार रुपए की नकदी लेकर फरार हो गये।
पीड़ित परिवार का कहना है कि चोरों ने घर मे घुसकर सभी को कब और कैसे बेहोश किया उन्हें पता ही नहीं चला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित