पटना , अप्रैल 03 -- बिहार परिवहन विभाग ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में निर्धारित लक्ष्य 4070 करोड़ रुपये से काफी आगे निकलते हुए 4191.55 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त किया है।
विभाग ने इस प्रकार लक्ष्य से 103 प्रतिशत राजस्व जुटाकर एक नया रिकॉर्ड कायम किया है। विशेष रूप से पिछले चार महीनों में राजस्व वसूली में लगातार सर्वाधिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
परिवहन मंत्री श्रवण कुमार ने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए थे कि डीटीओ स्तर पर राजस्व वसूली में कड़ाई बरती जाए। उन्होंने पिछले दिनों में काम में लापरवाही बरतने वाले कुल 40 अधिकारियों के खिलाफ शो कॉज नोटिस जारी किया था। इनमें डीटीओ, एडीटीओ, एमवीआई और ईएसआई स्तर के अधिकारी शामिल थे। उन्होंने स्वयं चेक-पोस्टों का निरीक्षण किया और वहां राजस्व संग्रह की प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित