बहराइच , नवंबर 28 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच में एक जनवरी से 25 नवंबर तक एक विशेष अभियान चलाकर 744 वाहन जब्त किये गये और 224.19 लाख रुपये का अर्थ दंड वसूला गया।

सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) ओ.पी. सिंह ने जानकारी दी कि जनपद बहराइच में 01 जनवरी 2025 से 25 नवंबर 2025 तक परिवहन विभाग द्वारा ओवरलोड यात्री और माल वाहनों, और अनधिकृत रूप से संचालित वाहनों के खिलाफ एक संयुक्त अभियान चलाया गया। इस अभियान में पुलिस विभाग और परिवहन निगम (रोडवेज) के अधिकारियों ने मिलकर कठोर प्रवर्तन कार्रवाई की।

एआरटीओ ओ पी सिंह के अनुसार, इस अभियान के दौरान 173 बसों और मिनी बसों का चालान किया गया, जबकि 181 वाहनों को बंद किया गया। अन्य यात्री वाहनों के तहत 426 वाहनों का चालान किया गया और 242 वाहनों को सीज़ कर दिया गया। इसके अतिरिक्त, 352 ओवरलोड वाहनों का चालान और 234 को बंद किया गया। ट्रैक्टर ट्रालियों के खिलाफ भी 104 चालान किए गए और 87 को बंद किया गया।

इस प्रवर्तन की कार्रवाई के तहत कुल 224.19 लाख रुपये का अर्थ दंड लगाया गया है। ओ.पी. सिंह ने बताया कि जनपद में अनधिकृत रूप से संचालित वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है, जिससे ओवरलोड (माल/यात्री) वाहनों की संख्या को नियंत्रित करने में सहायता मिल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित