देहरादून , जुलाई 14 -- उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने मंगलवार को पर्यटन विभाग की समीक्षा करते हुए सभी योजनाओं की विस्तार से जानकारी ली और कहा कि पर्यटन राज्य की आर्थिकी के महत्त्वपूर्ण स्रोतों में से एक है। उन्होंने पर्यटन विभाग को अपने पांच वर्षों के लिए लक्ष्य निर्धारित किए जाने के निर्देश दिए, ताकि परिणाम संकेतक के लक्ष्यों को हासिल किया जा सके।

मुख्य सचिव ने अपने उत्पादों के प्रचार प्रसार के लिए भी विशेष प्रयास किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्पादों के प्रचार प्रसार के बिना निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करना आसान नहीं होगा। उन्होंने प्रचार प्रसार के लिए भी वार्षिक कार्ययोजना तैयार किये जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि नीती घाटी में आयोजित की गयी नीती एक्स्ट्रीम अल्ट्रा रन 2026, आदि कैलाश हाई एल्टीट्यूड मैराथन, रिवर राफ्टिंग फेस्टिवल्स और विंटर कार्निवल जैसे आयोजनों को अन्य स्थानों पर इस प्रकार के अलग-अलग निवेश के रूप में प्रत्येक वर्ष एक निश्चित समय पर आयोजित किया जाए।ऐसे आयोजन प्रचार-प्रसार के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनते हैं।

श्री बर्द्धन ने पर्यटन की दृष्टि से प्रदेश के लिए अल्पावधि, मध्यम और दीर्धावधि योजना तैयार किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थल, गंतव्य के साथ-साथ ज़रूरी आधारभूतढांचा तैयार करने पर ध्यान दिया जाए। साथ ही, हॉस्पिटैलिटी एवं पर्यटन उत्पादों में प्राइवेट सेक्टर के निवेशकों को भी शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार नए पर्यटन स्थल विकसित किए जाएं। उन्होंने कहा कि समावेशी और टिकाऊ पर्यटन विकास को बढ़ावा दिया जाना चाहिए, ताकि पूरे राज्य में संतुलित विकास हो सके। उन्होंने प्रदेश के युवाओं को गाईड प्रशिक्षण दिए जाने की दिशा में कार्य किए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि इसे संस्थागत किया जाए। आईएचएम को इसके लिए प्रयोग किया जा सकता है। प्रशिक्षण मॉड्यूल इस प्रकार से तैयार किए जाएं कि प्रशिक्षित युवाओं को प्रदेश के साथ-साथ, पूरे भारत और ओवरसीज में कहीं भी रोजगार मिल सके। उन्होंने वाईब्रेंट विलेज के लिए भी विशेष प्रयास किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में ग्लैंपिंग परियोजनाओं की काफी मांग है। उन्होंने इसके लिए स्थान चिह्नित कर ग्लैंपिंग उत्पाद विकसित किए जाने के भी निर्देश दिए।

इस अवसर पर सचिव धीराज गर्ब्याल एवं अपर सचिव अभिषेक रोहिला सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित