पंचकूला , अगस्त 10 -- हरियाणा के पंचकूला में परिजनों की डांट से आहत होकर घर से निकली एक किशोरी को पंचकूला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर उत्तर प्रदेश से सकुशल बरामद कर लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया।
पंचकूला पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त आईपीएस पंकज नैन के नेतृत्व में बच्चों की सुरक्षा और गुमशुदा नाबालिगों की तलाश के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने बताया कि अमरावती क्षेत्र में रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी सात अगस्त की सुबह परिजनों की डांट से नाराज होकर घर से चली गई थी और उत्तर प्रदेश पहुंच गई थी।
परिजनों की सूचना पर थाना पिंजौर में गुमशुदगी का मामला दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू की गई। अमरावती चौकी प्रभारी प्रीतम सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उपलब्ध जानकारी के आधार पर विभिन्न स्थानों पर तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने आठ अगस्त को किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया।
पुलिस ने नौ अगस्त को किशोरी का नियमानुसार चिकित्सकीय परीक्षण कराया और न्यायालय में भारतीय न्याय संहिता की धारा 183 के तहत उसके बयान दर्ज करवाए। इसके बाद उसकी काउंसलिंग कराकर उसे सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
किशोरी के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पंचकूला पुलिस का आभार जताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित