रायपुर , जुलाई 24 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के गंज थाना क्षेत्र में रैपिडो मोटरसाइकिल चालक द्वारा एक महिला का हैंडबैग लेकर फरार होने का मामला सामने आया है। बैग में 56 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन तथा कई महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार, टिकरापारा थाना क्षेत्र के बोरियाखुर्द निवासी महिला निजी कार्यों के लिए नियमित रूप से रैपिडो मोटरसाइकिल सेवा का उपयोग करती थी। इसी दौरान उसकी पहचान रैपिडो चालक भीमगज उर्फ विक्की से हो गई थी। 22 जुलाई को दोपहर करीब 12:30 बजे महिला ने उसे फोन कर बोरियाखुर्द से फाफाडीह स्थित एयू बैंक तक छोड़ने के लिए बुलाया।
बताया गया कि रास्ते में बारिश होने के कारण महिला ने अपना हैंडबैग सुरक्षित रखने के उद्देश्य से चालक के पिट्ठू बैग में रखवा दिया। करीब 1:30 बजे चालक ने महिला को फाफाडीह स्थित एयू बैंक के सामने डागा पेट्रोल पंप के पास उतार दिया, लेकिन हैंडबैग लौटाने के बजाय बाइक लेकर वहां से चला गया।
महिला ने आरोपी को रोकने के लिए आवाज लगाई और उसका पीछा करने का प्रयास भी किया लेकिन वह नहीं रुका। पीड़िता के अनुसार बैग में मोटोरोला मोटो जी45 5जी मोबाइल, आधार कार्ड, पैन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, बैंक पासबुक तथा 56 हजार रुपये नकद रखे थे। बैग में मौजूद सामान की कुल कीमत लगभग 65 हजार रुपये बताई गई है।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि महिला और रैपिडो चालक की पहले से पहचान थी तथा बैंक जाने के लिए महिला ने सीधे फोन कर चालक को बुलाया था।
घटना की जानकारी महिला ने अपने पिता और अन्य परिजनों को दी, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। गंज थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान हो गयी है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित