पटना , मार्च 31 -- बिहार के कृषि मंत्री राम कृपाल यादव ने राज्य के किसानों से पराली न जलाने की अपील करते हुए कहा कि फसल अवशेष का वैज्ञानिक प्रबंधन किसानों के लिए लाभकारी होने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी अत्यंत आवश्यक है।
श्री यादव ने मंगलवार को बयान जारी कर कहा कि बिहार सरकार किसानों को पराली प्रबंधन के लिए आधुनिक कृषि यंत्रों पर भारी अनुदान उपलब्ध करा रही है, जिससे किसान पराली जलाने के बजाय उसका बेहतर उपयोग कर सकें।
कृषि मंत्री ने कहा कि फसल अवशेष के सही प्रबंधन के लिए किसानों को स्ट्रॉ रीपर और स्ट्रॉ बेलर जैसे आधुनिक कृषि यंत्र खरीदने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन यंत्रों की खरीद पर सरकार द्वारा अनुदान भी उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे किसानों की लागत कम होगी और आय में वृद्धि होगी।उन्होंने बताया कि स्ट्रॉ रीपर मशीन का उपयोग कम्बाईन हार्वेस्टर से फसल कटाई के बाद खेत में बचे खड़े फसल अवशेष को काटकर भूसा बनाने में किया जाता है।
श्री यादव ने कहा कि यह मशीन भूसा को पीछे चल रहे ट्रॉली में जमा करती है तथा बचे हुए बालियों से अन्न निकालकर अलग जमा करती है, जिससे किसानों को अतिरिक्त लाभ मिलता है।वहीं, स्ट्रॉ बेलर मशीन कम्बाईन हार्वेस्टर से कटाई के बाद खेत में बचे फसल अवशेष को इकट्ठा कर गट्ठर (बेल) बनाने का कार्य करती है। इससे कम जगह में भंडारण संभव होता है और इसका उपयोग मवेशियों के चारा एवं औद्योगिक इकाइयों में किया जा सकता है। इससे फसल अवशेष प्रबंधन अधिक कुशल एवं लाभकारी बनता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित