श्रीगंगानगर , जुलाई 08 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के श्रीगंगानगर- श्रीकरणपुर भारतमाला मार्ग पर बुधवार को तड़के पराली से भरे ट्रैक्टर ट्रॉलर में आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सूचना मिलने पर दमकल मौके पर पहुंच गयी और करीब तीन घंटे बाद आगू पर काबू पाया। आग लगते ही चालक ने ट्रैक्टर को ट्राॅलर से अलग कर दिया। इससे ट्रैक्टर बच गया।
ट्रैक्टर चालक ने बताया कि वह पंजाब के फाजिल्का जिले के दानेवाला गांव से ट्रैक्टर-ट्रॉलर में 160 क्विंटल पराली लादकर मंगलवार रात बीकानेर जिले के छतरगढ़ शहर के लिए रवाना हुआ था। आज तड़के करीब तीन बजे जब वह श्रीगंगानगर- श्रीकरनपुर भारतमाला रोड पर चक 12-जेड़ के नजदीक ट्राॅलर के एक टायर का बेरिंग टूट गया और उसके घर्षण से टायर गर्म हो गया। इससे टायर में आग लग गयी।
उसने खुद ही पहले आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आसपास कहीं भी पानी नहीं मिला। सूचना मिलने पर दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची और करीब तीन घंटे में आग पर काबू पा लिया। आग से पराली पूरी तरह से जल गयी, जबकि ट्राॅलर के दोनों टायर जल गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित