चंडीगढ़ , नवंबर 10 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने पराली प्रबंधन के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया है कि वह अपनी विफलताओं का जवाब देने के बजाय दिल्ली पर प्रदूषण का दोष मढ़ रही है।

श्री ढिल्लों ने मंगलवार को कहा कि चार नवंबर 2022 को श्री अरविंद केजरीवाल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ पराली जलाने की समस्या खत्म करने के लिए एक साल का समय मांगा था, लेकिन चार साल बाद भी किसानों को इसके प्रबंधन के पर्याप्त विकल्प नहीं मिल पाए हैं। उन्होंने सरकार से पूछा कि पूसा जैव अपघटक के इस्तेमाल, पराली प्रबंधन योजना के तहत मिले 2,056.50 करोड़ रुपये और कृषि विभाग द्वारा बताई गई 94,456 मशीनों की वास्तविक स्थिति क्या है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि हरियाणा की तर्ज पर पंजाब में किसानों को प्रति एकड़ नकद सहायता क्यों नहीं दी गई।

श्री ढिल्लों ने पराली जलाने वाले किसानों के खिलाफ दर्ज मामलों और राजस्व रिकॉर्ड में की जा रही लाल प्रविष्टियों को वापस लेने, पराली प्रबंधन निधि का स्वतंत्र ऑडिट कराने तथा किसानों को प्रति एकड़ वित्तीय सहायता देने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित