रायगढ़ , अक्टूबर 24 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बैरागी के आश्रित ग्राम परसा में प्राथमिक और माध्यमिक शाला के नए भवनों का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) से कुल 33 लाख 90 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।
जिला प्रशासन से शनिवार को मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी की पहल पर स्वीकृत इस राशि से वनांचल क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
नवीन प्राथमिक शाला भवन के निर्माण के लिए 14 लाख 30 हजार रुपये और माध्यमिक शाला भवन के लिए 19 लाख 60 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। दोनों निर्माण कार्यों को उच्च प्राथमिकता में रखा गया है। यह स्वीकृति डीएमएफ शासी परिषद की 11 मई 2026 को आयोजित बैठक में लिए गए निर्णय के अनुरूप जारी की गई है। निर्माण कार्यों की जिम्मेदारी जनपद पंचायत धरमजयगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को सौंपी गई है।
स्कूलों के नए भवन बनने से स्थानीय बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर और सुविधायुक्त स्थान उपलब्ध होगा। डीएमएफ के माध्यम से खनन प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के तहत इन निर्माण कार्यों को पूरा किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। निर्माण कार्य शुरू होने से पहले, निर्माण के दौरान और कार्य पूरा होने के बाद स्थल के फोटो लेना अनिवार्य किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित