चंडीगढ़ , अक्टूबर 14 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने बुधवार को मानसा में परविंदर सिंह झोटा की हत्या को बेहद दुखद घटना बताते हुए कहा कि पार्टी और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।

उन्होंने कहा कि मामले में आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया है और कानून अपना काम कर रहा है।

श्री पन्नू ने कहा कि पंजाब में नशे और नशा तस्करों के खिलाफ सरकार की शून्य-सहनशीलता नीति है। कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो। उन्होंने कहा, " मानसा में हुई घटना से सभी को दुख पहुंचा है। इस मुश्किल घड़ी में आम आदमी पार्टी और भगवंत मान सरकार परिवार के साथ है।"श्री पन्नू ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति यह सोचता है कि कानून अपने हाथ में लेकर वह पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई से बच सकता है, तो यह उसकी गलतफहमी है। उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है।

आप नेता ने कहा कि पंजाब में कानून का राज है और कोई भी व्यक्ति कानून से ऊपर नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित