अमृतसर/मानसा , अक्टूबर 16 -- श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने नशीले पदार्थों के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा को सिख कौम का शहीद घोषित करते हुए कहा कि उन्होंने पंजाब की जवानी को नशे से बचाने के संघर्ष में बलिदान दिया है।
उन्होंने शुक्रवार को तख्त श्री दमदमा साहिब के जत्थेदार ज्ञानी टेक सिंह के साथ मानसा में झोटा के परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और उनके संघर्ष को समर्थन देने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर झोटा के पिता भीम सिंह, परिवार के अन्य सदस्य और संगत मौजूद थे। जत्थेदार ने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को न्याय दिलाने के संघर्ष की सफलता के लिए अरदास की। उन्होंने झोटा के दोनों पुत्रों को गले लगाकर हौसला दिया और सिख पंथ तथा पंजाब के लोगों से परिवार को हरसंभव सहयोग देने की अपील की।
ज्ञानी गड़गज्ज ने कहा कि पंजाब में एक ओर युवा नशे की अधिक मात्रा के कारण जान गंवा रहे हैं, वहीं नशीले पदार्थों के खिलाफ आवाज उठाने वालों को भी गोलियों का निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि झोटा ने लोगों और युवाओं के हित में संघर्ष का रास्ता चुना और इसी लड़ाई में अपनी जान गंवाई। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति के शरीर को खत्म किया जा सकता है, लेकिन उसकी विचारधारा को नहीं।
जत्थेदार ने आरोप लगाया कि झोटा की दिनदहाड़े हत्या करने वाले नशा तस्कर को कथित तौर पर सरकार का संरक्षण प्राप्त था। उन्होंने झोटा के खिलाफ पुलिस द्वारा दर्ज किए गए कई मामलों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पंजाब सरकार की ओर से घटना को निजी रंजिश का मामला बताए जाने की कथित टिप्पणी की निंदा करते हुए कहा कि इससे नशीले पदार्थों के खिलाफ उनके संघर्ष और बलिदान को कमतर दिखाने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मामला हिंदू-सिख विवाद का नहीं, बल्कि पंजाब में नशे के खिलाफ सभी समुदायों की साझा लड़ाई का है। उन्होंने सरकार से सांप्रदायिक तनाव पैदा करने की कोशिश करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बुधवार को हुए पंजाब बंद ने दिखा दिया कि नशीले पदार्थों के खिलाफ संघर्ष में सभी समुदाय एकजुट हैं।
ज्ञानी गड़गज्ज ने कहा कि नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने घोषणा की किशिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) घटना में घायल हुए सभी लोगों के इलाज का खर्च उठाएगी। उन्होंने बतायाकि एसजीपीसी अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी जल्द ही क्षेत्र का दौरा करेंगे और आवश्यक कदम सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब झोटा को न्याय दिलाने के लिए गठित समिति की ओर से घोषित किए जाने वाले कार्यक्रमों का समर्थन करेगा।
इस दौरान, बठिंडा से सांसद और शिरोमणि अकाली दल की नेता हरसिमरत कौर बादल, एसजीपीसी सदस्य गुरप्रीत सिंह झब्बर तथा अकाली नेता तेजिंदर सिंह मिड्डूखेड़ा, परमबंस सिंह रोमाणा और अन्य लोग मौजूद थे।
ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने पंजाब बंद के दौरान लुधियाना में हुए हादसे में जान गंवाने वाले जसनदीप सिंह के परिवार के प्रति भी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को दुख सहने की शक्ति देने के लिए अरदास की। साथ ही सभी संगठनों से पीड़ित परिवार को पूरा सहयोग और समर्थन देने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित