कारवार , मार्च 27 -- कर्नाटक के अंकौला में कांग्रेस नेता और राज्य के गृह मंत्री जी. परमेश्वर के करीबी सहयोगी 46 वर्षीय गोपालकृष्ण नायक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पड़ोसी राज्य गोवा से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हमले के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपियों का पीछा कर उन्हें गोवा सीमा पर धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जाकिर, निजाल, सद्दाम और इरफान के रूप में हुई है। ये सभी गोवा में ड्राइविंग, बाउंसर सेवा, रियल एस्टेट और सेंट्रिंग जैसे व्यवसायों से जुड़े हुए हैं।

उत्तरा कन्नड़ जिले के पुलिस अधीक्षक दीपन एम एन ने बताया कि घटना के समय श्री गोपालकृष्ण नायक के साथ मौजूद श्री राघवेंद्र नायक (43) भी हमले में घायल हुए हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस वारदात में कुल छह हमलावर शामिल थे। पुलिस अधीक्षक ने कहा, "अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। बाकी फरार आरोपियों की तलाश के लिए चार विशेष टीमें गठित की गई हैं और जांच तेजी से जारी है।"पुलिस ने इस मामले में गोवा नंबर की एक कार और दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं, जिनका इस्तेमाल अपराध में किया गया था। यह भी पता चला है कि हमले के बाद आरोपी भागने के लिए एक स्थानीय किराए की गाड़ी का उपयोग कर रहे थे। अधिकारियों के अनुसार, हमले के पीछे सुपारी किलिंग (कॉन्ट्रैक्ट किलिंग) या राजनीतिक दुश्मनी जैसे पहलुओं की जांच की जा रही है।गौरतलब हैकि यह घटना बुधवार पूर्वाह्न करीब 10:15 बजे हुई, जब श्री गोपालकृष्ण नायक अंकौला में एक्सिस बैंक के पास एक सैलून से बाहर निकल रहे थे। तभी पांच से अधिक हथियारबंद हमलावरों ने उन पर घातक हथियारों से हमला कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित