होशियारपुर , अक्टूबर 25 -- पंजाब में नशा विरोधी कार्यकर्ता परमिंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में रविवार को होशियारपुर जिले में तीन स्थानों पर प्रदर्शन किए गए।

किसान संगठनों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी के चुनाव चिह्न झाड़ू को जलाकर रोष जताया और राज्य में नशा तस्करी के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की मांग की। लोक इंकलाब मंच, टांडा और किसान मजदूर संघर्ष कमेटी (पिड्डी गुट) के सदस्यों ने टांडा के सिविल अस्पताल चौक तथा दसूहा के हाजीपुर चौक पर प्रदर्शन कर पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। टांडा में लोक इंकलाब मंच के संरक्षक हरदीप सिंह खुड्डा ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया। किसान मजदूर संघर्ष कमेटी (पिड्डी गुट) के अध्यक्ष परमजीत सिंह भुल्ला भी मौजूद थे। दसूहा में कमेटी के जिला सदस्य दविंदर सिंह ने प्रदर्शन की अगुवाई की।

इसी दौरान मुकेरियां क्षेत्र के अड्डा हरसे मानसार में पूर्व जिला परिषद सदस्य सुमित दादवाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने झाड़ू जलाकर विरोध जताया। इस मौके पर मुकेरियां नगर परिषद के पूर्व पार्षद सचिन साम्याल और कांग्रेस नेता हरमिंदर कौर भी उपस्थित थे।

श्री परमजीत सिंह भुल्ला ने कहा कि ये प्रदर्शन झोटा हत्याकांड के संबंध में गठित एक्शन कमेटी के आह्वान पर किए गए। उन्होंने पंजाब के लोगों से जाति, धर्म और राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर नशे के खिलाफ एकजुट होने तथा मारे गए कार्यकर्ता के परिवार को न्याय दिलाने की मांग करने की अपील की।

श्री भुल्ला ने आरोप लगाया कि नशे पर अंकुश लगाने का वादा कर सत्ता में आई आप सरकार तस्करों पर लगाम लगाने में विफल रही है, जबकि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को हिंसा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राजनीतिक दल नशे के मुद्दे का समाधान करने के बजाय इसका इस्तेमाल चुनावी लाभ के लिए कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से झोटा की मौत को चुनावी राजनीति का साधन नहीं बनने देने की अपील की।

श्री झोटा कथित तौर पर मेडिकल स्टोरों पर नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ आवाज उठाने के लिए जाने जाते थे।

तेरह अक्टूबर को मानसा के एक व्यस्त बाजार में स्थित मेडिकल स्टोर के भीतर फेसबुक पर लाइव प्रसारण के दौरान उन्हें गोली मार दी गई थी। आरोप है कि एक बुजुर्ग को नशीले पदार्थ बेचे जाने पर सवाल उठाने के बाद स्टोर मालिक अश्वनीकुमार ने उन पर गोली चलाई। आरोपी को राजस्थान के सालासर से हिरासत में लिया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित