अमृतसर , अक्टूबर 25 -- श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने के दौरान मारे गए परमिंदर सिंह के परिवार को न्याय दिलाने के लिए 28 अक्टूबर को देश-विदेश के गुरुद्वारोंमें सभाएं आयोजित कर अरदास करने की अपील की है।
श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से रविवार को जारी बयान के अनुसार, जत्थेदार ने गुरु खालसा पंथ से अपील की कि वह परमिंदर सिंह के परिवार को न्याय मिलने और पंजाब के युवाओं की खुशहाली एवं तरक्की के लिए सामूहिक प्रार्थना करे। उन्होंने कहा कि नशे की समस्या दीमक की तरह पंजाब की युवा पीढ़ी को खोखला कर रही है।
ज्ञानी गड़गज्ज ने कहा कि यदि सरकारें औषधीय नशीले पदार्थों की आपूर्ति शृंखला और कृत्रिम नशीले पदार्थों के कारोबार से जुड़े नेटवर्क को खत्म करने में विफल रहती हैं, तो आने वाले वर्षों में युवाओं को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से परमिंदर सिंह के परिवार को न्याय की लड़ाई में पूरा सहयोग देने की अपील की।उन्होंने कहा कि नशे की समस्या वैश्विक है, लेकिन सिख गुरुओं ने नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने और गुरमत के अनुसार सत्य एवं पवित्र जीवन जीने की शिक्षा दी है। उन्होंने नशे की लत में फंसे युवाओं से श्री गुरु ग्रंथ साहिब की गुरबाणी से जुड़ने और दृढ़ संकल्प के साथ जीवन की नई शुरुआत करने का आह्वान किया।
जत्थेदार ने सरकारों से नशे की लत से जूझ रहे युवाओं के पुनर्वास और उन्हें समाज की मुख्यधारा में वापस लाने के लिए विशेष कदम उठाने की मांग की। उन्होंने नशीले पदार्थ बेचने वालों का पूर्ण सामाजिक बहिष्कार करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की भी अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित