वाशिंगटन/तेहरान , मई 11 -- अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पश्चिम एशिया में युद्ध को समाप्त करने के उद्देश्य से ईरान के जवाबी प्रस्ताव को सिरे से खारिज कर दिया और उसकी प्रतिक्रिया को "पूरी तरह अस्वीकार्य" करार दिया है।

श्री ट्रंप ने सोमवार को एक पोस्ट में लिखा, "मैंने अभी-अभी ईरान के तथाकथित 'प्रतिनिधियों' की प्रतिक्रिया पढ़ी है। मुझे यह पसंद नहीं आई - पूरी तरह अस्वीकार्य!"यह फटकार ऐसे समय में आई है जब दोनों पक्ष (जो अप्रैल से बातचीत करने की कोशिश कर रहे हैं) ईरान के परमाणु कार्यक्रम और किसी भी संभावित युद्धविराम समझौते की शर्तों पर एक समझौते पर पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं।

पाकिस्तान के मध्यस्थों के माध्यम से प्रस्तुत ईरान के जवाबी प्रस्ताव में कई व्यापक मांगें शामिल हैं जिनमे अमेरिकी प्रतिबंधों को हटाना, ईरान की जब्त संपत्तियों को मुक्त करना और होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरान की संप्रभुता को औपचारिक मान्यता देना शामिल है। तेहरान ने अपने बंदरगाहों की अमेरिकी नौसैनिक नाकाबंदी को तत्काल समाप्त करने और ईरानी क्षेत्र पर आगे कोई हमला न करने की गारंटी देने की भी मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित