चंडीगढ़, अक्टूबर 11 -- श्री परगट सिंह ने रविवार को चंडीगढ़ स्थित कांग्रेस भवन में पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष का कार्यभार संभालते हुए किसानों, युवाओं और आम नागरिकों के अधिकारों के लिए संघर्ष करने का संकल्प लिया। इस मौके पर भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पंजाब कांग्रेस प्रभारी एवं कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने औपचारिक रूप से उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी। कार्यभार संभालने से पहले परगट सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि दी और कांग्रेस भवन में पार्टी का ध्वज फहराया।

श्री सिंह ने कहा कि पंजाब के लोगों को नफरत नहीं, बल्कि सम्मान और न्याय चाहिए। किसानों, रोजगार के अवसर तलाश रहे युवाओं, व्यापारियों और आम परिवारों की समस्याएं राजनीति के केंद्र में होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल चुनाव लड़ने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि लोगों के अधिकारों की आवाज बनेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को कांग्रेस की टीम की चिंता करने के बजाय राज्य की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने पुलिस महानिदेशक गौरव यादव और मुख्य सचिव केएपी सिन्हा से कानून के दायरे में काम करने तथा प्रशासन को जनता के प्रति जवाबदेह बनाने की अपील की।

श्री सिंह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से नकारात्मक प्रचार और कृत्रिम बुद्धिमत्ता से तैयार भ्रामक वीडियो से दूर रहने तथा लोगों की वास्तविक समस्याएं उठाने को कहा। उन्होंने कहा कि किसानों के आंदोलन ने दिखाया है कि अधिकारों के लिए एकजुट जनता की आवाज को अनदेखा नहीं किया जा सकता।

श्री पायलट ने श्री सिंह को नयी जिम्मेदारी की बधाई देते हुए कहा कि उनके पास अनुभवी नेताओं और समर्पित कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम है। कांग्रेस का लक्ष्य केवल राजनीतिक सफलता हासिल करना नहीं, बल्कि पंजाब के लोगों का विश्वास जीतना है। उन्होंने युवाओं को साथ लेकर पार्टी का संदेश गांवों से शहरों तक पहुंचाने की बात कही।

विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने राज्य में कानून-व्यवस्था, गैंगस्टरवाद और माफिया गतिविधियों पर चिंता जताते हुए किसानों की फसल खरीद में आ रही कथित दिक्कतों को दूर करने की मांग की। उन्होंने पंजाब में 20 लाख मतदाताओं के नाम काटे जाने को लेकर भी चिंता व्यक्त की।

पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि कांग्रेस लोगों की आकांक्षाओं को आवाज देने के लिए राज्यव्यापी अभियान शुरू करेगी। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने श्री सिंह को सहयोग देने का भरोसा दिलाया। सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा सहित अन्य नेताओं ने भी पार्टी को मजबूत करने के लिए एकजुट होकर काम करने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित