भोपाल , मई 18 -- पश्चिम मध्य रेलवे (पमरे) ने टिकट चैकिंग से 12 करोड़ 35 लाख रुपए राजस्व अर्जित किया है।
भोपाल रेल मंडल के प्रवक्ता ने आज बताया कि पमरे के तीनों मंडलों में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य अधिकारियों के नेतृत्व में यात्री गाड़ियों एवं स्टेशनों पर समय-समय पर टिकट जांच अभियान चलाए गए। इन अभियानों के परिणामस्वरूप पमरे ने चालू वित्तीय वर्ष के अप्रैल माह में एक लाख 75 हजार मामले पकड़े, जिनमें बिना बुक किए सामान, बिना टिकट यात्रा तथा अनियमित टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्री शामिल थे। इनसे अतिरिक्त किराया एवं जुर्माना सहित 12 करोड़ 35 लाख रुपये का राजस्व अर्जित किया गया है।
उन्होंने बताया कि यह राशि पिछले वर्ष इसी अवधि में वसूले गए 10 करोड़ 30 लाख रुपये के जुर्माने की तुलना में 20 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने बताया कि भोपाल रेल मंडल में टिकट जांच के दौरान 64 हजार प्रकरण दर्ज किए गए और इन यात्रियों से 04 करोड़ 60 लाख रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।
उन्होंने कहा कि रेल प्रशासन यात्रियों से अनुरोध करता है कि बिना टिकट यात्रा नहीं करें। यात्रा से पूर्व उचित टिकट अवश्य लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित