चंडीगढ़ , जनवरी 29 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने पंजाब की पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्टल के चौंकाने वाले बयानों पर कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी पर निंदा की है। श्री भट्टल ने हाल ही में दावा किया था कि उन्हें कांग्रेस सरकार गिराने के लिए पंजाब में बम धमाके करने की सलाह दी गयी थी।

गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए श्री पन्नू ने कहा कि यह बहुत चिंताजनक बात है कि इंटरव्यू वायरल होने के 24 घंटे से ज़्यादा समय बीत जाने के बाद भी, न तो राजिंदर कौर भट्टल और न ही किसी वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ने इस बयान पर स्पष्टीकरण दिया है और न ही इसकी निंदा की है। उन्होंने सवाल किया कि यह चुप्पी कई गंभीर सवाल खड़े करती है। क्या ये बातें सच हैं, या कांग्रेस कोई बहुत कड़वी सच्चाई दबाने की कोशिश कर रही है?श्री भट्टल के इंटरव्यू का हवाला देते हुए श्री पन्नू ने कहा कि यह दावा करना कि वरिष्ठ नेताओं, सलाहकारों या अधिकारियों ने चुनाव जीतने के लिए सार्वजनिक जगहों पर बम विस्फोट करने का सुझाव दिया था, यह बहुत गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि पंजाब ने अशांति के दौरान हिंसा की बहुत बड़ी कीमत चुकाई है। परिवार उजड़ गए, जवानी खत्म हो गयी और राज्य अभी भी सामाजिक, आर्थिक और भावनात्मक रूप से उस बोझ को उठा रहा है। आतंकवाद को राजनीतिक हथियार के तौर पर इस्तेमाल करने का सुझाव देना भी माफ़ करने लायक नहीं है।

उन्होंने पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा और अन्य नेताओं की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने मांग की कि कांग्रेस कम से कम पंजाबियों को यह तो बताये कि राजिंदर कौर भट्टल झूठ बोल रही हैं या सच? ऐसी सलाह देने वाले कौन से नेता, अफसर और सलाहकार थे?उन्होंने इस बयान को 2017 के चुनाव से पहले हुए बम धमाकों से भी जोड़ा, जिनमें बच्चों समेत कई बेगुनाहों की जान चली गयी थी। पारंपरिक पार्टियों की तुलना करते हुए श्री पन्नू ने कहा कि कांग्रेस और अकाली दल ने राजनीतिक सुविधा के लिए एसवाईएल, चंडीगढ़, पंजाब यूनिवर्सिटी या बीबीएमबी जैसे पंजाब के हितों के साथ बार-बार समझौता किया है। उन्होंने कहा कि इन पार्टियों ने सच को दबाकर और पंजाब के हकों की कुर्बानी देकर राज किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित