पन्ना , सितंबर 10 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार को पटवारी संतोष चिकवा को 47 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
डीएसपी लोकायुक्त सागर के अनुसार केन-बेतवा लिंक परियोजना के तहत विस्थापित दयाराम आदिवासी, निवासी खजुरी कुड़ार, से पटवारी प्रतिवेदन बनाने तथा मुआवजे और जमीन से जुड़े कार्य के एवज में आरोपी पटवारी ने 47 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने पर लोकायुक्त सागर की 10 सदस्यीय टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की।
टीम ने जिला चिकित्सालय पन्ना के गेट पर ट्रैप की कार्रवाई करते हुए पटवारी को रिश्वत की राशि स्वीकार करते ही पकड़ लिया। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित