पन्ना , जनवरी 29 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में आज गुरुवार को एक अधेड़ किसान पर भालू ने अचानक हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना पवई वन परिक्षेत्र अंतर्गत सुनादर बीट की बताई जा रही है। घायल किसान को उपचार के लिए पन्ना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
वन विभाग के सूत्रों के अनुसार ग्राम जूही निवासी 50 वर्षीय रामस्वरूप यादव अपनी भैंसों को चराने के लिए जंगल गए थे। इसी दौरान सुनादर बीट के पास झाड़ियों में छिपे एक भालू ने उन पर अचानक हमला कर दिया। अप्रत्याशित हमले में रामस्वरूप को संभलने का मौका नहीं मिला। भालू ने उनके हाथ और पैरों पर दांत व नाखूनों से गहरे घाव कर दिए, जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
किसान की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग और वनकर्मी मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल पन्ना रेफर कर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित