पन्ना , अक्टूबर 02 -- बेशकीमती हीरों के लिए प्रसिद्ध मध्यप्रदेश के पन्ना जिले की उथली हीरा खदान में झांसी निवासी महिला को एक साथ चार हीरे मिले हैं। हीरा धारक गुड्डी देवी पति राजकुमार श्रीवास, झांसी जिला, उत्तरप्रदेश की निवासी हैं। एक साथ चार हीरे मिलने पर गुड्डी देवी ने खुशी जताई है।
गुड्डी देवी ने नियमानुसार शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित संयुक्त कलेक्ट्रेट के हीरा कार्यालय पहुंचकर चारों हीरे तौल कराने के बाद विधिवत जमा करा दिए।
हीरा पारखी अनुपम सिंह ने बताया कि गुड्डी देवी को सरकोहा की निजी खदान में ये हीरे मिले हैं, जिनका कुल वजन पांच कैरेट 16 सेंट है। इनमें दो हीरे उज्जवल और दो मटमैली किस्म के हैं। उज्जवल किस्म के हीरों की बाजार में अच्छी कीमत और मांग होती है।
उन्होंने बताया कि इन हीरों को आगामी हीरा नीलामी में बिक्री के लिए रखा जाएगा। नीलामी में हीरों की अधिकतम बोली लगने के बाद नियमानुसार रॉयल्टी काटकर शेष राशि हीरा धारक को प्रदान की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित