पन्ना , अप्रैल 10 -- मध्यप्रदेश के पन्ना जिले में पुलिस ने अमानगंज थाना क्षेत्र में जुए के फड़ पर दबिश देकर नौ जुआरियों को गिरफ्तार किया और 14 लाख रुपये से अधिक का मशरुका जब्त किया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार कार्रवाई के दौरान मौके से 77 हजार 580 रुपये नगद, 52 पत्तों की ताश की गड्डी, एक बिना नंबर की सेल्टोस कार, एक स्कूटी, चार मोटरसाइकिल और नौ मोबाइल फोन जब्त किए गए।

जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी अमानगंज रवि सिंह जादौन को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तकिया नाला श्मशान घाट के पास कुछ लोग मोबाइल की रोशनी में ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया।

पुलिस ने बताया कि सभी आरोपी पैसों का दांव लगाकर जुआ खेलते पाए गए। उनके विरुद्ध थाना अमानगंज में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित